गांव बघौला में खेतों में भरे बरसाती पानी का मुआयना करते उपायुक्त।
- फोटो : Palwal
उपायुक्त ने लिया फसलों के नुकसान का जायजा, अधिकारियों को दिए मुआवजा देने के निर्देश
पलवल। उपायुक्त नरेश नरवाल ने सोमवार को राजस्व और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बघौला, कारना और लालवा आदि गांवों में बारिश से फसलों के नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को मुआवजा देने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि अतिरिक्त नलकूपों की सहायता से खेतों से पानी निकालने का प्रबंध करें। उपायुक्त ने किसानों की समस्याएं सुनी और कहा कि सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील है। बारिश से हुए फसल के नुकसान की भरपाई की जाएगी। इसलिए किसानों को बिल्कुल भी डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने किसानों से अपील कर कहा कि कपास को सुखाकर ही मंडी में ले जाए, ताकि फसल का उचित मूल्य मिल सके। इस मौके पर पलवल के उपमंडल अधिकारी कंवर सिंह, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता एस.पी. गर्ग, तहसीलदार रोहताश, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी उपमा अरोड़ा, ओमप्रकाश भारद्वाज, पटवारी मनीष और मोहित आदि कई लोग मौजूद रहे।