शिकंजा : वाहन चोर गिरोह के पांच बदमाश गिरफ्तार, 10 मोटरसाइकिलें बरामद
हथीन। एंटी व्हीकल थैफ्ट टीम ने पिछले तीन दिनों में दो गैंग के 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। इन बदमाशों के पास से 10 मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। पुलिस ने सोमवार को अदालत में पेश कर दो आरोपियों को रिमांड पर लिया है। वहीं, दो बदमाशों को जेल भेज दिया गया।
टीम प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेश भड़ाना ने बताया कि शनिवार को उनकी टीम ने जयंती मोड़ हथीन से गांव भिडूकी निवासी आरोपी प्रीत को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने साथी रामबाबू निवासी भिडूकी के साथ मिलकर अगस्त माह में पंचायत ऑफिस हथीन के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके बाद रविवार को आरोपी रामबाबू को गिरफ्तार कर लिया गया। रामबाबू ने बताया कि उसने चोरी की मोटरसाइकिल टेकचंद उर्फ टिंकू निवासी भिडूकी को बेच दी। इसके बाद टीम ने टेकचंद को बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी प्रीत के पास से पांच, रामबाबू से तीन और टेकचंद से एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसी प्रकार रविवार को टीम ने होडल स्थित पुन्हाना मोड़ पर नाकेबंदी कर आरोपी योगेंद्र और सरजीत निवासी भिडूकी को चोरी की मोटरसाइकिल सहित काबू किया। इन आरोपियों के खिलाफ होडल थाने में केस दर्ज कराया गया। आरोपियों ने होडल क्षेत्र से एक और बाइक चोरी करने का खुलासा किया है।