पत्रकारों से बात करते उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला
- फोटो : Palwal
पलवल। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को विश्रामगृह में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत हुए घोटाला के सभी दोषियों को जेल भेजा जाएगा। फिलहाल, इस मामले में गहनता से जांच की जा रही है तथा स्वयं नजर रख रहा हूं। दुष्यंत चौटाला से जैसे ही मनरेगा घोटाले से जुडे़ सवाल पत्रकारों ने पूछे तो वे बिफर पड़े तथा सबूत दिखाने को बोलने लग, जिसके बाद उनके समक्ष मनरेगा घोटाले के जैसे ही कागजात पेश किए गए तो वे शांत हो गए। इसके बाद ही दुष्यंत चौटाला नरम पड़े तथा दोषियों को जेल भेजने के अलावा रिकवरी पूरी कराने को कहा।
उपमुख्यमंत्री चौटाला ने कहा कि हरियाणा में एक भी भ्रष्टाचारी को बख्शा नहीं जाएगा। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सरकार पूरी तरह से सख्त है। उन्होंने बताया की गांव जनाचौली ग्राम पंचायत की सरपंच द्वारा तीन करोड़ रुपये की मिट्टी एनएचएआई को बेच दी है। उसकी जांच भी की जा रही है तथा जल्द ही इस बारे में भी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने हरियाणा में बिजली कटौती के सवाल पर कहा कि संकट है तथा उसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही इस समस्या को दूर कर दिया जाएगा। हरियाणा में आने वाले समय में बिजली पानी की समस्या नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि बिजली की व्यवस्था की जा रही है। फिलहाल, बिजली कटों का शेड्यूल बना दिया गया है। उसके आधार पर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। चौटाला ने भिवानी में सेना में भर्ती न होने से निराश होकर आत्महत्या करने वाले युवक के बारे में कहा कि यह एक बड़ी दुखद घटना है। लेकिन ,उस युवक को ऐसा नहीं करना चाहिए था।