भारत-पाक के बीच तनाव को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियों को परखा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल/हथीन। भारत-पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम युद्ध विराम की घोषण हुई। इससे पहले तनावपूर्ण माहौल के बीच किसी भी आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन तैयारियों को पुख्ता करने में जुटा था। मॉक ड्रिल और विभागीय समीक्षा बैठकों के माध्यम से अपनी तैयारियों का मूल्यांकन किया। वहीं, दमकल और स्वास्थ्य विभाग संसाधन की कमी को पूरा करने की तैयारी शुरू कर दी है।
पलवल, होडल, हथीन में संसाधानों के साथ कर्मचारियों की कमी है। इसी मुद्दे को सात मई की ग्रीवेंस बैठक में उपायुक्त डॉ. हरीश वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने भी उठाया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खराब गाड़ियों की मरम्मत करवाई जाए और स्टाफ की भर्ती शीघ्र हो। इस क्रम में डीएफओ ने 50 कर्मचारियों की अतिरिक्त मांग की है, जिसे स्वास्थ्य मंत्री आरती राव को भेजा गया है। फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। फायर स्टेशनों में पानी और डीजल का स्टॉक भरवा दिया गया है। कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्ट अब 12-12 घंटे की कर दी गई है। वहीं, मॉक ड्रिल पर उपायुक्त वशिष्ठ ने स्पष्ट किया है कि यह अभ्यास आमजन को जागरूक करने और सिस्टम की तैयारियों की जांच के लिए है। जिले में स्वास्थ्य विभाग ने आपातकालीन स्थिति के लिए कुछ हद तक तैयारी जरूर दिखाई है। विशेषज्ञों का मानना है कि फायर ब्रिगेड व स्वास्थ्य विभाग की मौजूदा स्थिति से यह स्पष्ट है कि सामान्य परिस्थितियों में तो व्यवस्था संभली हुई है, मगर युद्ध या प्राकृतिक आपदा जैसे हालात में इन व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। आईसीयू, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट, पीपीई किट और टेस्टिंग जैसी आपातकालीन व्यवस्थाओं पर अब भी स्पष्ट नीति की जरूरत है।
वर्जन
जिले में 53 डॉक्टर तैनात हैं और हाल ही में 13 नए डॉक्टरों की नियुक्ति से सेवाएं मजबूत हुई हैं। हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच अब भी सीमित है। - डॉ. जयभगवान जाटान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
50 नए कर्मचारियों की भर्ती के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है। स्टाफ को अलर्ट मोड पर रखा गया है। - लेखराम, फायर स्टेशन अधिकारी
होटल, गेस्ट हाउस व धर्मशालाओं की जांच
होडल। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस प्रशासन की ओर से सार्वजनिक स्थानों, होटलों और धर्मशालाओं की जांच की गई। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन परिसर में भी जांच की गई। थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने शनिवार को पुलिस कर्मचारियों के साथ शहर के होटल, गेस्ट हाउस व धर्मशालाओं में विशेष जांच की। यदि आसपास असामाजिक तत्व या वाहन दिखाई दे या कोई आपत्तिजनक पोस्ट डाले तो इसकी सूचना पुलिस को दें। वहीं, सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर है। संवाद
-
फर्जी व फेक न्यूज पर जिला व पुलिस प्रशासन सख्त
पलवल/हथीन। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया अथवा व्हाट्सएप ग्रुप पर किसी भी प्रकार की फर्जी और फेक न्यूज शेयर न करें। अन्यथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त हरिश वशिष्ठ ने कहा कि ऐसे समय में देश और भारतीय सेना की सुरक्षा अति महत्वपूर्ण है और हमें ऐसा कोई भी कार्य नहीं करना चाहिए, जिससे देश की सुरक्षा व्यवस्था पर कोई आंच या संकट आए। सेना से जुड़ा कोई भी पोस्ट करने से पहले लोगों को सावधान रहना है। एसपी पलवल वरुण सिंगला ने बताया किया पुलिस आमजन की सुरक्षा व सहायता के लिए सदैव तत्पर है। सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक या झूठी सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रिटायर कर्मचारी संघ के प्रधान मोहम्मद जकरिया ने कहा कि दुश्मन देश पाकिस्तान हमारे देश में न केवल आतंकवाद बढ़ा रहा है। विभिन्न माध्यमों से झूठी अफवाहें भी फैला रहा है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को इसके प्रति सचेत रहना चाहिए।
सिविल डिफेंस वॉलंटियर बन कर सकते हैं देश सेवा : हरेन्द्र रामरतन
होडल। विधायक हरेन्द्र रामरतन ने कहा कि प्रशासन ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सिविल डिफेंस वॉलंटियर बनाने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार क्षेत्र का 18 वर्ष से अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति सिविल डिफेंस वॉलंटियर बनकर देश की सेवा में अपनी भूमिका निभा सकता है। इसके लिए किसी भी प्रकार की दक्षता का होना जरूरी नहीं है। कोई भी इच्छुक युवक 12 मई तक अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर लिखकर उनके पास भेज सकता है। संवाद
रक्तदान शिविर का होगा आयोजन
हथीन। सेना के प्रति अनुराग एवं उत्साह का माहौल बढ़ रहा है। इसी कड़ी में डोनर्स क्लब ज्योति पुंज की ओर से रविवार को भारतीय सेना के वीर जवानों एवं अधिकारियों के लिए शिव मंदिर गांव रुंधी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। ज्योति पुंज के विकास मित्तल ने बताया कि शिविर का संयोजन रुंधी गांव की समस्त युवा टीम की ओर से किया जा रहा है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सूरज पांडे ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सदियों तक याद रहेगा। संवाद