संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। मेवात के विकास, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सामूहिक प्रयास की जरूरत को लेकर नूंह में मेवात विकास महासम्मेलन का आयोजन किया गया। एमसीआई लक्ष्य के अध्यक्ष, उद्योगपति एवं समाजसेवी आजाद मेहराब की ओर से आयोजित सामाजिक महापंचायत में नशा, साइबर अपराध, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।महापंचायत को संबोधित करते हुए आजाद मेहराब ने कहा कि मेवात की समस्याओं को लेकर समाज के हर वर्ग को गंभीरता से सोचने और आत्ममंथन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बैंकिंग और निवेश के क्षेत्र में मेवात को लेकर नकारात्मक धारणा बनी हुई है, जिसके कारण कंपनियां यहां निवेश से कतरा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों को मजबूत किए बिना गरीब परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा नहीं मिल सकती। इस मौके पर अधिवक्ता ताहिर हुसैन देवला, इमरान, मास्टर अशरफ खान और हिदायत कमांडो सहित अन्य वक्ताओं ने इसे 36 बिरादरियों का सामाजिक कार्यक्रम बताते हुए शिक्षा, नशा और बेरोजगारी के समाधान के लिए सामाजिक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।