फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Palwal News: हसनपुर–पलवल मार्ग पर बने गहरे गड्ढे, ग्रामीणों की परेशानी चरम पर

Sat, 23 Aug 2025 11:19 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पलवल
विज्ञापन
विज्ञापन
दो वर्षों से बंद है रोडवेज बसें, छात्र–छात्राओं की पढ़ाई भी हो रही प्रभावित
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। हसनपुर–पलवल सड़क मार्ग पर गांव लहरपुर के पास सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी है। विभागीय उदासीनता के कारण इस सड़क की कई वर्षों से मरम्मत तक नहीं कराई गई। सड़क पर कई–कई फुट गहरे गड्ढे बने हुए हैं जिनमें हमेशा पानी भरा रहता है। इन गड्ढों से निकलने वाले राहगीर और वाहन चालक आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं, लेकिन लोक निर्माण विभाग आंख मूंदकर बैठा हुआ है।

ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क पिछले दो वर्षों से पूरी तरह खराब पड़ी है। शिकायतें करने के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। यह मार्ग हसनपुर से लहरपुर होते हुए सीधे पलवल तक जाता है और इस पर रोजाना सैकड़ों ग्रामीणों का आवागमन होता है। यही नहीं, ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी इसी रास्ते से स्कूल और कॉलेज जाते हैं, लेकिन सड़क की खस्ताहाल स्थिति के कारण उनका आना–जाना बेहद कठिन हो गया है।
विज्ञापन


स्थिति यह है कि अधिकांश वाहन चालक इस रास्ते का इस्तेमाल ही बंद कर चुके हैं। अब उन्हें मजबूरी में दूसरे मार्गों से लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग जर्जर होने से यातायात लगभग ठप हो चुका है। हरियाणा रोडवेज की बसें भी पिछले दो वर्षों से इस मार्ग से नहीं गुजर रहीं। परिणामस्वरूप ग्रामीण अब निजी वाहनों का सहारा लेने को विवश हैं। इसका सबसे ज्यादा खामियाजा छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को उठाना पड़ रहा है।

गांव के लोगों ने बताया कि गहरे गड्ढों में पानी भरा होने से उनकी गहराई दिखाई नहीं देती। ऐसे में यहां से निकलने वाले पैदल यात्री और वाहन चालक लगातार दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण कई बार केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, क्षेत्रीय विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों को समस्या से अवगत करा चुके हैं। लेकिन अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है, समाधान नहीं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग को शीघ्र दुरुस्त कराया जाए। उनका कहना है कि यह सड़क हसनपुर और पलवल के बीच संपर्क का मुख्य साधन है। यदि इसे जल्द दुरुस्त नहीं किया गया तो आए दिन होने वाली दुर्घटनाएं किसी बड़े हादसे का रूप ले सकती हैं।
विज्ञापन

00
बाढ़ग्रस्त होने के कारण इस क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत नहीं हो सकी है। बारिश रुकने के बाद जल्द ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बात कर मरम्मत कराई जाएगी।
- बैलिना लोहान, एसडीएम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें