पलवल। नेशनल हाईवे-19 पर शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा किठवाड़ी चौक के पास हुआ, जहां फुलवाड़ी गांव निवासी दीपक बाइक से शहर से लौट रहा था। इसी दौरान बस स्टैंड की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद उसे राहगीरों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
दूसरा हादसा पहरा गांव के पास हाईवे पर हुआ। यहां स्थानीय निवासी महेंद्र माहौर और उनके साथी गुजर रहे थे, तभी उन्होंने सड़क पर एक व्यक्ति को मृत अवस्था में देखा। तुरंत इसकी सूचना मुंडकटी थाने पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारी अशोक ने बताया कि दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।