जिला उपायुक्त व विधायन ने हसनपुर में जलभराव वाले स्थानों का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ व विधायक हरेंद्र रामरतन बृहस्पतिवार को शहर व कस्बा हसनपुर में जलभराव वाले स्थानों का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान पानी की निकासी के प्रबंधों व सफाई की व्यवस्था को लेकर मिली खामियों पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों व कर्मचारियों को फटकारते हुए पानी की निकासी के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। लघु सचिवालय होडल में समाधान शिविर में जन समस्याओं की सुनवाई करने के बाद उपायुक्त ने यह दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने पुन्हाना मोड़ कॉलेज के सामने वाले नाले का निरीक्षण कर जगजीवन राम चौक से महारानी किशोरी कॉलेज तक बन रहे नाले की समीक्षा की और कैच पिट बनाने के निर्देश दिए। वहीं, अग्रसेन चौक पर पाइपलाइन जोड़ने के साथ सीवर की सफाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद वे अनाज मंडी में पहुंचे, फिर गढ़ी रोड से होते हुए गढ़ी पट्टी गांव पहुंचे, जहां जोहड़ की स्थिति देखकर सेनेटरी इंस्पेक्टर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय नंबर-3, हसनपुर में अनाजमंडी व बस स्टैंड की स्थिति जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने पंचायती राज विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हर गांव और हर शहरी क्षेत्र की रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करें, जहां जलभराव की स्थिति पैदा होती है। इस मौके पर जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, एसडीएम बलीना, तहसीलदार अनिल कुमार, एक्सईएन मोहित आदि संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
विधायक हरेंद्र रामरतन ने दीघोट का विशेष रूप से दौरा करवाया, जहां फिरनी के निर्माण की मांग की गई। फिरनी निर्माण के लिए उन्होंने जिला परिषद के माध्यम से बनवाने के निर्देश दिए।