होडल। बृज क्षेत्र के एतिहासिक सती सरोवर पर शनिवार को माई दूज के उपलक्ष्य में सती मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। सभी ने पूरी श्रद्धा से जल चढ़ाया।
मंदिर में सुबह लगभग 4 बजे से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया। बच्चों के खिलौने, कपडे़, मिठाइयां, खान-पान के सामानों की दुकानें सजी रहीं। मान्यता है कि श्रद्धालु अपने हाथ-मुंह साफ कर किसी पात्र में जल भरकर सती मैया को जल से नहलाती हैं और मक्खन आदि लगाकर बचे हुए जल से बच्चों के ऊपर छींट मारती हैं। इस अवसर पर नाच-गाना भी किया जाता है। वहीं मंदिर व उसके पास बने बारह खंभों के चबूतरे पर दूरदराज के क्षेत्रों से आई महिलाओं द्वारा ब्राह्मणों को भोजन कराया जाता है।
वृंदावन के फूलों से की गई सजावट
नगर परिषद द्वारा सती सरोवर व मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में रंगीन लाइटें लगाई गई थीं। वहीं मंदिर प्रांगण को वृंदावन से मंगाए गए फूलों से भव्य तरीके से सजाया गया।
पुलिस सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
मेले के आयोजन को लेकर असामाजिक तत्वों पर लगाम कसने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। वहीं सरोवर से पहले राजीव चौक, गढ़ी चौक व नंगला रोड पर बैरीकेड लगाकर वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लगाई हुई थी।