चांदहट थाना क्षेत्र के गांव सिहोल में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने बल्लम व नुकीले हथियार से गोदकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना मंगलवार रात के समय की है। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर बुधवार की सुबह पुलिस ने पत्नी के शव को कब्जे में लेकर पलवल के सिविल अस्पताल में पहुंचाया। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
चांदहट थाना एसएचओ जसबीर सिंह के अनुसार गांव बहीन निवासी जवाहर ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उनकी 35 वर्षीय बहन किरण का विवाह कुछ समय पूर्व गांव सिहोल निवासी गिर्राज के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही गिर्राज व उसके परिजन किरण को परेशान करते थे। शिकायत के अनुसार गिर्राज शराब पीने का आदी भी था, जिसके चलते घर में विवाद रहता था।
जवाहर के अनुसार मंगलवार की रात उन्हें सूचना मिली कि गिर्राज ने मामूली कहासुनी के बाद किरण की बल्लम व कोई नुकीला हथियार घोंपकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। एसएचओ जसबीर के अनुसार प्राथमिक पड़ताल में पता चला है कि आरोपी का यह दूसरा विवाह था।
ग्रामीणों के अनुसार पहली पत्नी की संदिग्ध हालत में (फांसी लगा कर) मौत हो गई थी। उस मामले में कोई केस दर्ज था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। मामले में पुलिस ने जवाहर के बयान पर गिर्राज उसकी बहनों ज्ञानो व ओमवती तथा भांजी कल्लो व मंजू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। समाचार लिखे जाने तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।