उटावड़ हत्याकांड में पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। यूं तो पुलिस ने सात टीमों का गठन किया हुआ है, लेकिन चार हत्याओं के आरोपी खुली हवा में चैन की सांस ले रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि आरोपी आसपास के गांवों में अपने रिश्तेदारों के यहां छुपे हुए हैं, लेकिन छापे के दौरान यह लोग इधर-उधर सरक जाते हैं। इससे पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ता है। कुछ आरोपियों के यूपी व कुछ के राजस्थान के गांवों में भी छिपे होने की सूचना है। वहीं मुख्य आरोपी एएसआई याहया खां राजस्थान के तिजारा के एक गांव में छुपा हैं। हालांकि पुलिस ने कई गांवों में छापे मारे, लेकिन छापे के दौरान यह लोग नहीं मिलते।
चूंकि मुख्य आरोपी याहया खां पुलिस विभाग में ही था, इसलिए हो सकता है कि महकमे में तैनात कर्मी ही उसे सारी जानकारी दे रहा हो। पीड़ित पक्ष के लोगों का आरोप है कि पुलिस मामले में ढील बरत रही है।
----
-पुलिस मामले में पूरी तत्परता से जुटी हुई है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन हमारी टीमें आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- पृथ्वी सिंह, डीएसपी हथीन।