चांदहट थाना क्षेत्र में तीन युवकों ने एक ट्रक के चालक व परिचालक से 61 हजार रुपये की नगदी व मोबाइल फोन लूट लिए। घटना सोमवार शाम की है। पुलिस ने चालक के बयान पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मंगलवार अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
अलावलपुर पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई जवाहर सिंह के अनुसार गांव अलावलपुर निवासी दिलशाद पुत्र मुंशी ने शिकायत दी है कि वह अपना ट्रक चलाते हैं। सोमवार को वह अपने ट्रक को लेकर परिचालक के साथ निकला था। गांव से कुछ ही किलोमीटर दूर गांव खजुरका के समीप उनके ट्रक को रुकवाकर तीन युवकों ने उनसे 61 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
चौकी प्रभारी के अनुसार आरोपियों की शिनाख्त गांव बंचारी निवासी निरोतम, जीतू व पलवल के शमशाबाद निवासी तारीफ के रुप में हुई। पुलिस ने घटना के बाद दबिश देकर निरोतम को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड लिया गया है।