खंड के एक गांव निवासी गैंगरेप पीड़िता को आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। पीड़िता व उसके परिजनों का आरोप है पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है।
पीड़िता ने शनिवार को अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि 30 जून को योजना के तहत उसके पड़ोस के ही लोगों ने घर बुलाकर उसका अपहरण किया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दबाव बनने पर आरोपी उसे जैंदापुर गांव के पास छोड़कर फरार हो गए।
इस मामले में महिला थाना पुलिस ने एफआईआर नंबर 117 के तहत 3 जुलाई को केस दर्ज किया था। इसके बाद चिकित्सीय जांच करा कर स्थानीय अदालत में उसके बयान कलमबंद हुए। इसके बावजूद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।
पीड़िता का आरोप है कि महिला पुलिस की कार्यशैली के चलते आरोपी खुले घूम रहे हैं, व उसके परिवार को विभिन्न माध्यमों से फैसला करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है तथा धमकियां दी जा रही हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों की धमकियों से पूरा परिवार दहशत में है।
पीड़िता के परिजनों का कहना है कि मामले को लेकर वे महिला थाना एसएचओ सुशीला से मिले। कार्रवाई ना होने पर उन्होंने डीएसपी मौजीराम से भी गुहार लगाई। उनके अनुसार डीएसपी मौजीराम ने एसएचओ व मामले की आईओ को बुलाकर आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। लेकिन इसके बावजूद महिला थाना पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। दूसरी तरफ महिला थाना एसएचओ सुशीला देवी का कहना है कि इस मामले में एक महिला सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, लेकिन वे सभी फरार हैं।