खंड़ के गांव पावसर निवासी एक युवक फर्जीवाड़ा कर राजस्व विभाग में पटवारी बन बैठा। डिग्रियों की जांच हुई तो फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया। मामले में करीब एक साल पूर्व एफआईआर भी दर्ज हो गई।
दो-दो बार स्थानीय अदालत ने उसकी गिरफ्तारी के वारंट भी जारी कर दिए। एसपी ने भी करीब चार माह पूर्व संबंधित विभाग को पत्र लिखा। लेकिन पटवारी जी अभी तक पद पर जमे हुए हैं।
गांव पावसर निवासी राजू खान हरियाणा कर्मचारी चयन से 2014 में पटवारी भर्ती हुआ था। कुछ ही दिन के बाद हकमुद्दीन नामक व्यक्ति ने शिकायत की कि राजू खान ने आगरा की भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी का नाम लेकर बीए की फर्जी डिग्री लगाकर हरियाणा सरकार में पटवारी के पद पर सिलेक्शन करा लिया। यूनिवर्सिटी की जांच से यह साबित हो गया कि उक्त डिग्री पूरी तरह से फर्जी है। यूनिवर्सिटी की जांच रिपोर्ट भी पेश की गई जिस पर पर बहीन थाना पुलिस ने 12 जुलाई 2015 को उक्त आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 420, 467 ,468,471 एवं 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
मामले में विशेष बात यह रही कि शिकायत में उक्त आरोपी की फर्जी डिग्री प्रमाणित होने क बावजूद राजस्व विभाग ने उसको पटवारी की ट्रेनिंग भी करा दी। तथा केस दर्ज होने के बाद भी पटवारी को पद से नहीं हटाया गया। मामले में आरोपी पुलिस को गच्चा देता रहा व गिरफ्तारी से बचता रहा।
इसी बीच बहीन थाना पुलिस ने 11 जनवरी 2016 व 11 अप्रैल 2016 को आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट करा लिए। दो मार्च को 2016 को तत्कालीन एसपी राजेश दुग्गल ने भू-अभिलेख हरियाणा के निदेशक को पत्र लिखकर राजू खान के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
मामले में 30 जून को गांव खेडला मेवात निवासी हकमुद्दीन ने सीएम विंडो पर इसकी शिकायत कर दी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अब सीएम मनोहर लाल ने उक्त आरोपी को गिरफ्तार करने व विभागीय कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
वर्जन
पुलिस ने दो बार आरोपी राजू खान के गिरफ्तारी वारंट भी जारी कराए हैं। लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता है। विभाग को कार्रवाई करने के लिए आला अधिकारियों ने पत्र लिखा था, जिस पर मैं पिछल महीने विभाग के मुख्यालय जानकारी लेने गया था। वहां विभागीय कार्रवाई कर दी गई है, शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जसबीर सिंह, एसएचओ, बहीन।