राधा कॉलोनी में एक मकान में किराये पर रहने वाली एक बुजुर्ग महिला की हत्या करने वाले उसके आरोपी पुत्र को कैंप पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को बस अड्डा क्षेत्र से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह भागने के प्रयास में था। पूछताछ में पता चला कि शराब पीने को लेकर हुए विवाद में उसने हत्या कर दी।
कैंप थाना प्रभारी विश्व गौरव ने बताया कि पलवल के प्रकाश विहार निवासी महेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने राधा कॉलोनी में अपना एक प्लाट खरीदा हुआ है और उसमें कमरे बनाकर किराये पर दिए हुए हैं।
महेंद्र के प्लॉट में बने एक कमरे में गांव नौंगा, थाना टप्पल (यूपी) निवासी सोमवीर अपनी 60 वर्षीय मां राजवीरी को लेकर किराये पर रह रहा था। शनिवार रात को सोमवीर ने मकान मालिक महेंद्र को फोन पर सूचना दी कि उसने अपनी मां की हत्या कर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।
पुलिस लगातार इस मामले के आरोपी बेटे सोमवीर की तलाश कर रही थी। पुलिस ने आरोपी बेटे को रविवा शाम को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि सोमवीर शराब पीता था. जिसको लेकर उस दिन उसकी मां और उसके बीच विवाद हुआ था। सोमवीर ने शराब के नशे में अपनी मां को धक्का दे दिया था। जिससे वह बेहोश हो गई थी। उसके बाद आरोपी पुत्र ने उसे कपड़े में बांधकर पलंग के अंदर डाल दिया था।