शहर थाना क्षेत्र के गांव जनौली में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता को जलाने का मामला प्रकाश में आया है। इसमें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। पुलिस ने पति व सास के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एएसआई रोहताश के अनुसार कमला मार्ग भरतपुर (राजस्थान) निवासी सुनील कुमार ने शिकायत दी है कि उन्होंने अपनी बहन ममता की शादी गांव जनौली निवासी राजेंद्र उर्फ राजू पुत्र मेघा के साथ की थी। शादी मे उन्होंने हैसियत के अनुसार दान-दहेज भी दिया था, लेकिन ममता के सुसराल वाले उस दहेज से संतुष्ट नहीं थे।
दहेज लाने में असमर्थता जताने पर मंगलवार को पति राजेंद्र व सास वेदवती ने ममता के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। इससे वह बुरी तरह झुलस गई, उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। बृहस्पतिवार को सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान ममता की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
इसी प्रकार दहेज उत्पीड़न के एक अन्य मामले में कैंप थाना पुलिस ने पलवल के हरी नगर निवासी सोनिया पुत्री नरेश कुमार की शिकायत पर गांव गोपीखेड़ा निवासी पति महावीर व ससुर गंगादास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है।