पलवल के हथीन थाना क्षेत्र के एक गांव में दो युवकों द्वारा एक किशोरी को अगवा कर गैंगरेप करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी गांव की ही एक महिला की सहायता से किशोरी को अगवा करके ले गए थे। गांव में ही बने एक कमरे में उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
महिला थाने में कार्यरत एएसआई सुमन के अनुसार हथीन थाना क्षेत्र की निवासी 14 वर्षीय किशोरी ने शिकायत में कहा है कि वह अधिकतर घर में ही रहती है और घरेलू काम में परिजनों का हाथ बंटाती है।
25 मार्च को वह किसी काम से गांव में जा रही थी। रास्ते में गांव के निवासी तैय्यब, साकिर ने अशरी के साथ मिलकर उसे अगवा कर लिया। आरोपी उसे पास में ही बने एक कमरे में ले गए और वहां कोई नशीला पदार्थ पिला दिया।
बाद में दोनों आरोपियों ने उसके साथ गैंगरेप किया। एएसआई सुमन के अनुसार चिकित्सीय परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद केस दर्ज लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।