जिला पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी की तीन बाइक बरामद कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं एक कार्यालय में चोरी के आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस की वाहन चोरी निरोधक शाखा को सूचना मिली थी कि दो लोग चोरी की बाइक को बेचने के लिए अलीगढ़ जाने वाले हैं। पुलिस ने नाकाबंदी कर हथीन मोड़ के समीप से फिरोजपुर झिरका निवासी शोकीन उर्फ रोबिन व वसीम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन बाइक बरामद की गईं। शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वहीं शहर थाना पुलिस ने डुकड़िया मोहल्ले में एक कार्यालय में चोरी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी एएसआई हरद्वारी लाल के अनुसार, सेक्टर-दो निवासी अनिल कुमार ने शिकायत दी थी कि उनके कार्यालय से नई दिल्ली निवासी राजू व पलवल निवासी रूप सिंह ने एक एलसीडी टीवी व नगदी चोरी कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को अदालत पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है।