पुलिस ने अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटीईटी) टेस्ट में अंगूठा निशान ना मिलने पर तीन शिक्षकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इन अध्यापकों ने वर्ष 2011 में नियुक्ति ली थी व हथीम के विभिन्न स्कूलों में कार्यरत हैं।
शिक्षा विभाग के अनुसार 2008-2009-2010 में एचटीईटी का टेस्ट हुआ था। इसके तहत टेस्ट पास करने के बाद 2011 में 86 सौ शिक्षकों की भर्ती की गई थी।
मामले में आरोप है कि जिन शिक्षकों ने टेस्ट देते व फार्म भरते समय अपने अंगूठे लगाए थे, वो फर्जी हैं।
मामले में शिकायत के आधार पर विभाग ने जांच करवाई, जांच में काफी शिक्षकों के अंगूठों के निशानों को फर्जी पाया गया। विभाग ने मामले को पुलिस के हवाले कर दिया है।
इसी मामले में पुलिस ने डीईओ के बयान पर तीन शिक्षकों जिला भिवानी हनुमान गेट निवासी उर्मिला, झज्जर निवासी मनीष व मिंडकोला निवासी महेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।