सस्ती कार बेचने के नाम पर टटलू गिरोह के सदस्यों ने हथियारों की नोक पर दिल्ली निवासी चार लोगों को बंधक बना लिया है। आरोपी उनसे नगदी और सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए। पीड़ितों ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है।
एसएचओ जगराम के अनुसार दिल्ली के दिलशाद कालोनी निवासी दीपक ने शिकायत में कहा है कि उसके मोबाइल पर एक एसएमएस आया कि सस्ते दामों पर कार बिकाऊ है। दीपक ने जब उस नंबर पर फोन किया तो वहां पप्पू यादव नाम के व्यक्ति से उसकी बात हुई और उसने कार का सौदा तीन लाख रुपये में तय कर लिया और पलवल के बस स्टैंड पर बुला लिया।
दीपक के अनुसार शुक्रवार को वह अपने साथी राकेश अरोड़ा, मानिक अरोड़ा व जयसागर के साथ कार से पलवल पहुंच गए। जहां उन्होंने पप्पू यादव के नंबर पर संपर्क किया तो उसने उन्हें होडल के हसनपुर चौक पर पहुंचने को कहा। हसनपुर चौक पर उन्हें तारिफ नाम का एक व्यक्ति मिला जो कि कार में सवार होकर किसी अज्ञात स्थान पर ले गया। वहां पहले से ही छह-सात लोग मौजूद थे, जिन्होंने हमें हथियारों के बल पर बंधक बना लिया।
दीपक के अनुसार बदमाशों ने उनसे एक सोने की अंगूठी व ब्रेसलेट, हजारों रुपये की नगदी, एटीएम व मोबाइलों को लूटकर मौके से फरार हो गए। पीड़ितों ने होडल थाने में पहुंचकर मामले की सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।