कैंप थाना क्षेत्र में अलीगढ़ मार्ग पर धान मिल के समीप एक बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। इससे पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक को घटनास्थल पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल पुत्र की शिकायत पर ट्रक को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कैंप थाना एसएचओ रविंद्र सिंह के अनुसार, गांव सुजवाडी निवासी महेश ने शिकायत दी है कि वह अपने पिता रघुवीर के साथ बाइक पर किसी काम से पलवल आए हुए थे।
जब वापस अपने घर जा रहे थे तो किठवाडी पुल के दूसरी पार धान मिल के समीप एक बेकाबू ट्रक के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमें उनके पिता रघुवीर की मौके पर मौत हो गई तथा वह घायल हो गया। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।