शिवरात्रि का पर्व नजदीक आने के साथ-साथ कांवड़ियों के आने में तेजी आ गई है। एनएच-2 से निकलने वाले कांवड़ियों के बम-बम भोले के जयकारों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया है। कांवड़िए एक अगस्त भगवान महादेव पर हरिद्वार से लाया गया गंगा जल चढ़ाएंगे।
डाक कांवड़ लाने के लिए भी शुक्रवार व शनिवार को शहर से कई जत्थे रवाना हुए। कांवड़ियों की सेवा के लिए शिव भक्तों ने जगह-जगह पर शिविर भी लगाए हैं, जहां उनके लिए शहर के लोगों ने विशेष प्रबंध किए हैं। वहीं पुलिस व स्वास्थ्य विभाग ने भी कांवड़ियों को परेशानी ना हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए हैं।
डीएसपी मनीष सहगल के अनुसार जिले के 50 किलो मीटर लंबे रास्तों में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात किए गए हैं। कांवड़ शिविरों पर पुलिस कर्मी 24 घंटे तैनात किए गए हैं। नेशनल हाईवे पर सुरक्षा की दृष्टि से 22 प्वाइंट बनाए गए हैं, जिनपर 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, इसके अतिरिक्त दस किलोमीटर पर पीसीआर व पांच किलोमीटर पर राइडर तैनात की गई हैं।
एसएमओ डॉ. बीर सिंह सहरावत ने बताया कि आपातकालीन स्थिति के लिए सिविल अस्पताल में पांच बेड़ तैयार किए गए हैं। इसके अलावा एक एंबुलेंस को 24 घंटे तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपातकालीन स्थिति में तुरंत पहुंचा जा सके। किसी प्रकार की आपातकालीन स्थिति के लिए 102 नंबर पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।
12 वीं डाक कांवड़ लेने गए रजोलका के शिवभक्त
शुक्रवार की शाम को गांव रजोलका के 25 सदस्यीय शिव भक्तों का दल 12 वीं डाक कांवड़ लेने के लिए रवाना हुए। सामाजिक कार्यकर्ता सुनील रजोलका ने बताया कि शिव भक्त रविवार की सुबह नौ बजे हरिद्वार से कांवड़ उठाएंगे व 23 घंटे के लक्ष्य को निर्धारित कर सोमवार की सुबह आठ बजे गांव के शिव मंदिर पहुंच कर महादेव का जलाभिषेक करेंगे। शिव भक्तों में गांव के सुरेंद्र फौजी, वीरेंद्र सिंह, दयानंद, भरतलाल, हरीसिंह, सुंदर, बलदेव, रवि व प्रेमचंद आदि शामिल हैं।