फरार बदमाश गिरफ्तार, दो दिन के पुलिस रिमांड पर
हथीन। हत्या एवं गोलीबारी के मामले में फरार चल रहे हथीन के गांव मानपुर निवासी तरुण पुत्र धर्म को सीआईए टीम ने गिरफ्तार कर रविवार को स्थानीय अदालत में पेश किया। आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
थाना प्रभारी नरेन्द्र खटाना ने बताया कि मानपुर निवासी आरोपी तरुण को होडल - नूंह रोड से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया है । उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ बहीन थाना में दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से एक मुकदमा हत्या का प्रयास व दूसरा फायरिंग करने व जान से मारने की धमकी देने व मारपीट करने का शामिल है। इनके अलावा पलवल सदर थाना , कैंप थाना और होडल थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर हाजिर खान ने बताया कि दिल्ली के नजफगढ़ थाना में भी आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज है, इसमें गुड़गांव के खांडसा गांव निवासी कालिया के साथ मिल कर एक व्यक्ति की हत्या की गई थी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा अलावलपुर के विनय और जनौली के गौरव के साथ मिलकर लूटपाट की वारदातों में भी शामिल रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान और भी गुत्थी सुलझने की संभावनाएं हैं ।