शौक पूरे करने के लिए करते थे कार चोरी
- सिविल इंजीनियरिंग, बीबीए व एकांउटेंसी के तीन छात्र धरे
अमर उजाला ब्यूरो
होडल। पुलिस की अपराध जांच शाखा टीम ने चोरी की एक कार सहित तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। इसके अलावा पुलिस चोरी की वारदात के बारे में उनसे पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार किए तीनों आरोपियों में एक सिविल इंजीनियरिंग, एक बीबीए तथा एक एकाउंटेंसी का छात्र है।
अपराध जांच शाखा प्रभारी उमर अहमद ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी है कि तीन युवक चोरी की कार के साथ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने करमन सीमा पर नाका लगा दिया। जैसे ही सफेद रंग की कार आई तो पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। आरोपी युवक कार को रोककर उसमें से भागने लगे, परंतु पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनसे पूछताछ की तो उन्होंने अपना नाम सेक्टर फरीदाबाद निवासी बाल कृष्ण, टूण्डलका मेवात निवासी वसीम, हुसैनी थाना शेरगढ़ निवासी अरविंद बताया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। चोरों ने यह बात भी कबूली है कि उन्होंने दिखावे के लिए और लड़कियों से दोस्ती करने के लिए जिम भी ज्वाइन किया था। लेकि न आर्थिक तौर पर मजबूत न होने के कारण उन्होंने चोरी करना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि अपने शौक पूरा करने के लिए ही वह चोरियां करते हैं।
शौक पूरे करने व मौजमस्ती के लिए करते थे गाड़ियां चोरी
पुलिस की अपराध जांच शाखा टीम द्वारा गिरफ्तार तीनों आरोपी फरीदाबाद में एक कालेज में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इनमें एक सिविल इंजीनियर, दूसरा बीबीए तथा तीसरा एकाउंट का छात्र है। पुलिस की पूछताछ में उन्होंने बताया कि महंगे मोबाइल, नई-नई गाड़ियां चलाने व मौज मस्ती करने के शौक ने उन्हें चोर बना दिया। अपने शौक पूरे करने के लिए वे गाड़ियां चोरी करते हैं तथा कुछ दिन उस गाड़ी में घूमने के बाद उसे बाहर बेच देते हैं। उनसे बरामद की गई चोरी की कार उन्होंने 14 दिसंबर को फरीदाबाद एनआईटी क्षेत्र से चोरी की थी तथा घूमने जा रहे थे।
अपराध जांच शाखा प्रभारी उमर अहमद ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके द्वारा अब तक की गई चोरियों के बारे में जानकारी प्राप्त की जा रही है। जल्द ही चोरी के कई मामलों का इनसे खुलासा होगा।