संबंध न बनाने पर फोटो वायरल किए
पलवल। एक 30 वर्षीय महिला से अवैध संबंध बनाने का दबाव डालने व उसके अश्लील फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला प्रकाश में आया है। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। महिला थाना प्रभारी कमला देवी ने बताया कि एक पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि गत 31 अक्तूबर को गांव दिघोट निवासी धर्मेंद्र अपने कुछ साथियों के साथ पीड़िता के घर पर आया और आते ही गाली-गलौच करने लगा। पीड़िता का आरोप है कि धर्मेंद्र उस पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बनाता है। पीड़िता द्वारा विरोध करने पर धर्मेंद्र बाइक से उसका पीछा करने लगा और रास्ते में आते-जाते समय छेड़छाड़ करता है। पीड़िता का आरोप है कि उसके एक अन्य साथी के साथ संबंध है। धर्मेंद्र ने पीड़िता व उसके साथी के अश्लील फोटो ले रखे हैं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैक मेल करता है। पीड़िता ने बताया कि जब उसने धर्मेंद्र के साथ संबंध बनाने से मना कर दिया तो उसने पीड़िता की अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।