अवैध हथियार के साथ बदमाश गिरफ्तार
पलवल। अपराध जांच शाखा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अलावलपुर रोड से एक युवक को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी सुरेश भड़ाना ने बताया कि पुलिस को बीती देर रात मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि अलावलपुर रोड पर सब्जी मंडी के समीप एक युवक अवैध हथियार सहित मौजूद है जो कि किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। यदि मौके पर दबिश दी जाए तो उक्त युवक काबू आ सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश दी तो उक्त युवक पुलिस को देख तेज गति से भागने लगा। पुलिस ने उक्त युवक का पीछा कर उसे काबू किया गया जिसकी तलाशी लेने पर उससे एक देशी कट्टा व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की पहचान कैलाश नगर निवासी दीपक के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से और भी कई संगीन वारदातों के खुलासे होने की संभावना है।