आरोपी डॉक्टरों की तलाश में पुलिस
हथीन। ऑपरेशन के नाम पर धोखाधड़ी करने एवं एक महिला की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद जांच अधिकारी धर्मेन्द्र ने निजी अस्पताल के डॉक्टरों की खोज शुरू कर दी है। जांच अधिकारी ने बताया कि इस मामले में जिस अस्पताल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है वह अब बंद है। नामजद दो डाक्टरों में हरेन्द्र भास्कर और गजेन्द्र सिंह की पुलिस को तलाश है। इस मामले में गांव पहाडपुर निवासी अब्दूल रशीद ने उक्त दोनों डाक्टरों के खिलाफ आपरेशन के नाम पर धोखाधड़ी करने एवं अपनी पत्नी रेशमी की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। उक्त महिला को ऑपरेशन के लिए बुलाया गया। आरोप है कि उसका ऑपरेशन किए बिना ही ऑपरेशन के कागज थमा दिए। बाद में महिला की मौत हो गयी। मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के बाद बुधवार को मुकदमा दर्ज किया गया।
बदमाशों का अभी तक नहीं लगा सुराग
हथीन। बहीन थाना पुलिस ने बुधवार की रात बदमाशों की खोज में कई स्थानों पर दबिश दी। थाना प्रभारी रामदयाल कौशिक ने बताया कि पुलिस ने 11 दिसंबर की रात सामान से भरे ट्रक को लूटने के आरोपियों को पकड़ने की तलाश में दबिश दी है। अभी तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस को संदेह है कि स्थानीय गिरोह के लोगों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। जांच अधिकारी एवं उटावड पुलिस चौकी प्रभारी यासिर खान ने बताया कि इस मामले में कई संदिग्ध लोगों पर पुलिस की नजर है। उल्लेखनीय है कि 11 दिसंबर की रात्रि को बुलेरो कार में सवार 8 बदमाशों ने गति अवरोधक के पास उटावड-होडल रोड पर ट्रक को लूट लिया। ट्रक में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी का सामान मानेसर से कोलकाता जा रहा था। ट्रक को जीपीआरएस के मदद से पुलिस ने फिरोजपुर झिरका के गांव साकरस से बरामद किया है। सूत्रों के मुताबिक ट्रक में लदे सामान की बदमाश सील नहीं तोड़ पाए। सामान पर 5-6 परत की सील लगी हुई थी। बदमाश मात्र एक परत के कुछ हिस्से को ही तोड पाए। इस कारण माल को ट्रक से खाली नहीं कर पाए। दूसरी तरफ पुलिस ने भी कई स्थानों पर नाकाबंदी की हुई थी। इसके चलते बदमाश अपनी योजना में विफल रहे।