महिला को सम्मोहित कर 5 हजार व कुंडल ठगे
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक 10 वर्षीय बच्चे द्वारा महिला को सम्मोहित करने का मामला सामने आया है। महिला ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पलवल निवासी मोहर सिंह ने बताया कि वह बिजली बोर्ड में चालक के पद पर नौकरी करते हैं, उनकी बेटी मिनेश जिसकी सुसराल गांव दीघोट में है। मोहर ने बताया कि उसकी बेटी के पति तीन पहले मौत हो चुकी है। मंगलवार को उनकी बेटी अपने बच्चों के लिए कपड़े लाने मीनार गेट गई थी। तभी उसके पास करीब 10 वर्ष का एक बच्चा आया। उसने महिला को एक कागज देकर सम्मोहित कर लिया। इसके बाद वह महिला को श्मशान घाट ले गया। जहां बच्चे ने अन्य साथियों की मदद से उससे कुंडल, पांच हजार रुपये व एक सोने की चेन ठग ली। महिला ने इसकी जानकारी पिता को फोन पर दी। इसके बाद शहर थाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।