बेटी को जलाकर मारने वाला पिता हिरासत में
पलवल। गांव दीघोट में बुधवार को देर शाम जलकर मरने वाली किशोरी के मामले में सदर पुलिस ने मृतका के पिता के खिलाफ पड़ोसी के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि किशोरी की हत्या उसके पिता द्वारा प्रेम-प्रसंग के मामले को लेकर की गई है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है हालांकि अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं दिखाई है।
जिला सिविल अस्पताल में बुधवार को देर शाम गांव दीघोट से 16 वर्षीया किशोरी सोनम को जली अवस्था में लाया गया था। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। किशोरी की मौत के मामले में किसी ने पुलिस को रात को ही सूचना दे दी थी कि उसकी परिजनों ने जलाकर हत्या कर दिया है। इस जानकारी के बाद पुलिस ने अस्पताल में पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया था। बृहस्पतिवार को सुबह पुलिस ने इस मामले में जांच करने पर पड़ोस में रहने वाले देवी सिंह ने शिकायत दी कि 15 मई को दोपहर एक बजे वह घर से मितरोल रोड की तरफ जा रहा था। जब वह गांव निवासी गंगाराम के मकान के पास पहुंचा तो उसने देखा कि गंगाराम अपने घर से तेज गति से निकल रहा था। उसे गंगाराम के घर से जलने की बदबू आई तो उसने घर के अंदर जाकर देखा। वहां कमरे के अंदर गंगाराम की पुत्री सोनम जली हुई अवस्था में पड़ी थी और उस समय वहां पर कोई मौजूद नहीं था। देवी सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया है कि गंगाराम ने ही अपनी पुत्री को जलाकर मारा है।
जांच अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी गंगाराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतका किशोरी कक्षा 12वीं में पढ़ती थी तथा उसकी हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई है। उनका कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं बताया गया कि पुलिस ने आरोपी गंगाराम को हिरासत में लिया है तथा देर रात तक गिरफ्तारी दिखा दी जाएगी।