रिपेयरिंग पैसे वापस मांगे, न देने पर मारपीट
पलवल। कार पेंटर के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। जांच अधिकारी धर्मेंद्र के अनुसार पलवल की हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी रामकिशन ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी कार रिपेयरिंग की दुकान है। गत 23 सितंबर को कुछ युवक अपनी स्कॉर्पियो कार को ठीक कराने के लिए आए। कार को ठीक कराने के बाद चले गए। उक्त युवक कुछ देर बाद वापस आए और कार ठीक कराने के बाद दिए गए पैसों को वापस मांगने लगे। जब पीड़ित ने रुपये देने से मना किया तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी और पीड़ित पर सीधी गोली चलाई। लेकिन पीड़ित बाल-बाल बच गया। उक्त युवक जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरूकर दी है।
लाठी डंडो से हमला
पलवल। परिवार पर लाठी-डंडा से हमला करने और हथियार के बल पर जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दस नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई कृष्ण कुमार के अनुसार गांव औरंगाबाद निवासी बलवीर सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि पुरानी रंजिश के चलते गत 22 सितंबर को गांव निवासी उदयवीर, गीता, कृष्ण, जीतेंद्र, सुमन, सुनीता, अनिल, लोकेश, गौरव व बिट्टू ने लाठी-डंड के साथ पीड़ित के परिवार पर लाठी-डंडा से हमला कर दिया तथा जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।