पलवल। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रविवार रात राजमार्ग पर पकड़ी गई पनीर से भरी पिकअप गाड़ी छोड़ने के आरोप में एक एएसआई निलंबित कर दिया गया है। वहीं, सोमवार को उस गाड़ी से बरामद किए गए पनीर का नमूना जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने जांच के लिए भेज दिया है। नमूने की रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
होली के चलते जिला स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। दैनिक प्रयोग में आने वाले खाद्य पदार्थों की जांच शुरू कर दी है। इसके चलते जिला उप सिविल सर्जन संजय शर्मा ने शुक्रवार रात हाईवे पर गांव बहरोला के समीप पनीर से भरी गाड़ी को पकड़कर सदर थाना पुलिस के हवाले की थी। इसके बाद जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी नारायण दत्त शर्मा सदर थाना पहुंचे और गाड़ी से पनीर के सैंपल भरकर जांच के लिए भेज दिए। गाड़ी में सात ड्रम व दो बॉक्स पनीर के भरे हुए थे। प्रत्येक ड्रम में 35 किलोग्राम पनीर था। गाड़ी उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से फरीदाबाद व दिल्ली में पनीर सप्लाई करती थी। बताया गया कि वह गाड़ी पुलिस ने छोड़ दी है।
मामले की जानकारी मिले पर डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय शर्मा ने पुलिस कप्तान से शिकायत की। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और गाड़ी को पनीर समेत रविवार रात फिर से पकड़ लिया। पुलिस कप्तान नेे लापरवाही बरतने के चलते एएसआई नरेश को निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।
लापरवाही बरतने के आरोप में एएसआई को निलंबित किया गया है। जांच में भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-दीपक गहलावत, एसपी