बंद पड़ी फैक्ट्रियों से लाखों की बिजली मोटरें, मशीनें और लोहे का सामान किया था चोरी
पुलिस ने चोरी का माल, दो बाइक और पिकअप गाड़ी की बरामद, कबाड़ी समेत सभी आरोपी गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। क्राइम ब्रांच टीम ने फरीदाबाद, पलवल और नूंह में बंद पड़े संस्थानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड के बाद लाखों रुपये की बिजली की मोटरें, दो बाइक, एक पिकअप गाड़ी और छोटा हाथी वाहन बरामद कर सभी को जेल भेज दिया गया है।
क्राइम ब्रांच प्रभारी जगविंदर सिंह ने बताया कि गांव बंचारी निवासी विष्णु ने मुंडकटी थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि उसके दिवंगत पिता देशराज की सुपारी फैक्टरी से अज्ञात लोगों ने चोरी कर ली है। शिकायत के अनुसार, 19 अक्तूबर को फैक्टरी पहुंचने पर वहां से 14 मशीनें, 17 बिजली मोटरें, 6 बड़ी चक्कियां और लगभग 1500 किलोग्राम लोहे का सामान गायब था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी।
जांच के दौरान टीम ने गिरोह के सरगना अकरम निवासी डूडोली नगला बढ़ा (नूंह), इमरान निवासी सहारनपुर (यूपी), समीम मलिक निवासी गंगागढ़ (बुलंदशहर), वहीद उर्फ शौकीन उर्फ रेंचो निवासी मिर्जापुर (गौतम बुद्ध नगर), राकेश निवासी औरंगाबाद (बुलंदशहर), सौदान निवासी कुछेजा (बुलंदशहर), वकील निवासी संगेल (नूंह) और कबाड़ी राजेश गुप्ता निवासी फरीदाबाद को गिरफ्तार किया।
टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो मोटरें, चेन पुली, बाइकें और भारी मात्रा में लोहे का सामान बरामद किया। अदालत ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि गिरोह ने फरीदाबाद, बल्लभगढ़, गदपुरी, पलवल, नूंह और होडल क्षेत्र में कई चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। टीम अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।