संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह जिले में करोड़ों रुपये की सुपारी से भरे कंटेनर के गायब होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 घंटे के भीतर राजस्थान के चोपानकी क्षेत्र से कंटेनर बरामद कर लिया। कंटेनर तो बरामद हो गया, लेकिन उसमें लदी 2 करोड़ 13 लाख 51 हजार 750 रुपये मूल्य की सुपारी का पता नहीं चल सका है। बिग स्टॉक लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड के ट्रैफिक इंचार्ज विनोद जोशी ने जयसिंहपुर चौकी में शिकायत की थी कि कर्नाटक के सिमोगा-सिरसी क्षेत्र से डीएस ग्रुप, नोएडा के लिए सुपारी से भरा कंटेनर रवाना किया गया था। कंटेनर को आखिरी बार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के उजीना टोल प्लाजा पर ट्रेस किया गया, जिसके बाद चालक नासिर और वाहन दोनों का संपर्क टूट गया।
पुलिस ने चालक नासिर समेत चार लोगों के खिलाफ गबन और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी निगरानी और लगातार छानबीन के आधार पर कंटेनर को राजस्थान से बरामद कर लिया गया। जयसिंहपुर चौकी प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि सुपारी और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।