एकमुश्त ऋण समझौता योजना का लाभ उठा सकते हैं उपभोक्ता
पलवल। सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक सतीश कुमार ने बताया कि उपभोक्ता, सरकार द्वारा चलाई जा रही एकमुश्त ऋण समझौता योजना का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए 20 जनवरी को शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में बैंक द्वारा डिफाल्टर घोषित उपभोक्ता के साथ समझौता किया जाएगा। सतीश कुमार, शुक्रवार को आगरा चौक स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि यदि किसी खाता धारक का कोई ऋण अधूरा है या फिर वह डिफाल्टर की श्रेणी में आ चुका है, तो एकमुश्त ऋण समझौता योजना का लाभ उठा सकता है। इसमें उपभोक्ता को भारी छूट दी जाएगी। जिससे खाताधारक आसानी से ऋण का निपटान कर सकेंगे। यदि कोई खाताधारक एक साथ ऋण का निपटान करने में असमर्थ है तो उसे एक समय सीमा के अंदर किस्तों में ऋण चुकाने का मौका दिया जाएगा। उन्होंने पलवल और फरीदाबाद की 58 शाखाओं के खाताधारकों को इस ऋण निस्तारण शिविर में आने के लिए आमंत्रित किया है।