पीडब्लूडी विभाग को करोड़ों रुपए की लागत से बनाए जाने वाले तीन मार्गों के निर्माण कार्य की मंजूरी मिल गई हैं। इसके लिए जल्द ही टेंडर लगाकर कार्य शुरू किया जाएगा। सभी सड़कों को मार्च 2014 से पूर्व तैयार करा दिया जाएगा।
पीडब्लूडी विभाग के उपमंडल अभियंता आर.के. कालरा ने बताया कि यमुना पुल से बागपुर खादर तक की छह किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य की मंजूरी मिल चुकी है।
इस छह किलोमीटर लंबे मार्ग को बनाने में करीब सवा पांच करोड़ रुपए की लागत आएगी। इस मार्ग के बनने के बाद खादर के दर्जनों गांवों के लोगों को आने-जाने की सुविधा उपलब्ध होगी। इस क्षेत्र के लोग काफी दिनों से सड़क निर्माण का सपना संजोए हुए थे।
दूसरे मार्ग होडल शहर से रेलवे स्टेशन तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण कार्य की मंजूरी मिल चुकी हैं। एसडीओ के अनुसार इस मार्ग के निर्माण कार्य पर करीब एक करोड़ रुपए की लागत आएगी। जिसके लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
वहीं छज्जूनगर गांव से मुनीरगढ़ी गांव तक करीब दो किलोमीटर मार्ग के निर्माण कार्य के लिए 55 लाख रुपए की मंजूरी मिली है। उन्होंने कहा कि जल्द ही जिले के सभी खराब हो चुके मार्गों को ठीक करा दिया जाएगा। सभी मार्गो का निर्माण कार्य मार्च 2014 तक पूरा हो जाएगा।