संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। शासन ने नगीना महाविद्यालय की टूटी दीवार के पुनर्निर्माण का काम शुरू करा दिया है। दो साल से अधिक समय से दीवार नहीं बनने के कारण कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित थी। बाहरी लोगों की बेरोकटोक आवाजाही से विद्यार्थियों और कॉलेज प्रबंधन को परेशानी उठानी पड़ रही थी। लंबे इंतजार के बाद निर्माण कार्य शुरू होने से कॉलेज प्रशासन और विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार, 9 मार्च 2024 को शहीद हसन खां मेवाती के शहीदी दिवस पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान पार्किंग व्यवस्था के लिए महाविद्यालय की दीवार गिरा दी गई थी। महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य जय प्रकाश ने बताया कि दीवार टूटी होने से परिसर की सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने में दिक्कत आ रही थी।