हथीन को विकास की दोहरी सौगात, 2.76 करोड़ की योजनाओं पर जल्द शुरू होगा काम
सोमदेव आर्य
हथीन। शहर के बुनियादी ढांचे की मजबूती और आधुनिक सामाजिक सुविधाओं के लिए राज्य सरकार ने हथीन के लिए 2.76 करोड़ रुपये की लागत से दो अहम विकास योजनाओं को हरी झंडी दे दी है। इनमें एक योजना के तहत 1.68 करोड़ रुपये से आधुनिक कम्युनिटी सेंटर का निर्माण वार्ड नंबर 10 में किया जाएगा, वहीं दूसरी योजना में 1.08 करोड़ रुपये से एक अत्याधुनिक पुस्तकालय वार्ड-5 में स्थापित किया जाएगा।
नगर पालिका चेयरपर्सन रेणु लता ने जानकारी देते हुए बताया कि इन दोनों परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आगामी कुछ हफ्तों में ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। कम्युनिटी सेंटर का निर्माण वार्ड-10 में किया जाएगा, लेकिन इसका लाभ आसपास के वार्ड 7, 8, 9, 11 और 12 की जनता को भी मिलेगा। इन इलाकों की लगभग छह हजार की आबादी के लिए यह एक बड़ी सुविधा होगी। कम्युनिटी सेंटर में बड़ा हॉल, बैठक कक्ष, ग्रीन लॉन, पार्क और रसोई व्यवस्था जैसी सुविधाएं होंगी, जिससे आम जनता अब सार्वजनिक कार्यक्रमों, शादी-विवाह, धार्मिक अनुष्ठान, सामूहिक बैठकों और सामाजिक आयोजनों को व्यवस्थित तरीके से और कम खर्च में आयोजित कर सकेगी। पूर्व चेयरमैन सुमित राजपूत ने दोनों योजनाओं की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम का आभार जताया।
गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत
अब तक हथीन में सामूहिक कार्यक्रमों के लिए या तो खुले मैदानों पर निर्भर रहना पड़ता था या फिर महंगे निजी हॉल बुक करने पड़ते थे। इस कम्युनिटी सेंटर से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को खास फायदा होगा, जो अब अपने आयोजन बिना आर्थिक बोझ के एक सम्मानजनक स्थान पर कर सकेंगे।
युवाओं और छात्रों के लिए वरदान होगा पुस्तकालय
वार्ड-5 में बनने वाला नया पुस्तकालय केवल किताबों तक सीमित नहीं होगा। यह एक डिजिटल और आधुनिक अध्ययन केंद्र होगा, जिसमें ई-लाइब्रेरी, वाई-फाई, बैठने के लिए शांति पूर्ण वातावरण, समाचार पत्र, पत्रिकाएं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। यह पुस्तकालय विशेषकर छात्रों, प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं, डिप्लोमा धारकों और बेरोजगारों के लिए बेहद उपयोगी होगा। यहाँ से रोजगार संबंधित सूचना, करियर गाइडेंस और विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी।
-