-होडल, खाम्बी और हथीन में शुरू हुई खरीद, हसनपुर मंडी में उठान ठेके के कारण अटकी प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल/होडल/हथीन /हसनपूर /खाम्बी। जिले की विभिन्न अनाज मंडियों में सरकारी गेहूं खरीद को लेकर स्थिति असमंजस भरी बनी हुई है। पलवल अनाज मंडी में बुधवार को एक भी गेहूं का दाना नहीं खरीदा गया, जबकि एक दिन पहले वहां से 17,300 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी थी। पलवल मंडी के सचिव ने बताया कि खाद्य आपूर्ति विभाग की आईडी जेनरेट होने में समस्या आ रही थी, जिसके चलते खरीद रुक गई। वहीं, मंडी में 7,026 क्विंटल गेहूं लेकर पहुंचे किसानों में भारी रोष देखने को मिला। मंडी में कुल 117 गेट पास काटे गए, जबकि 28% नमी वाले गेहूं को सुखाकर लाने के निर्देश दिए गए हैं।
हसनपुर मंडी में खरीद शुरू नहीं
हसनपुर अनाज मंडी में बुधवार को भी गेहूं की खरीद शुरू नहीं हो सकी। मंडी सचिव नरवीर सिंह ने बताया कि खरीद एजेंसियों ने नमी अधिक होने और उठान ठेके की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण खरीद शुरू नहीं की। हसनपुर मंडी में 80 गेट पास काटे गए और 3,970 क्विंटल गेहूं मंडी में पहुंचा, लेकिन खरीद नहीं हो पाई।
-
होडल में खरीदा 19537 क्विंटल गेहूं
होडल अनाज मंडी में बुधवार को 425 किसानों ने 20,773 क्विंटल गेहूं के गेट पास कटवाए, जिनमें से 19,537 क्विंटल गेहूं हरियाणा वेयरहाउस कॉरपोरेशन द्वारा खरीदा गया। मंडी सचिव वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को नमी के कारण खरीद नहीं हुई थी, लेकिन बुधवार को खरीद एजेंसी ने निरीक्षण के बाद प्रक्रिया शुरू की। खाम्बी मंडी में भी खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई है। यहां 50 किसानों ने 1,892 क्विंटल गेहूं के गेट पास कटवाए, और हैफेड एजेंसी ने खरीद शुरू कर दी।
-
हथीन में 13407 क्विंटल गेहूं खरीद
हथीन अनाज मंडी में भी बुधवार को समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू हुई। मार्केट कमेटी के प्रतिनिधि जगदीश ने बताया कि 226 गेट पास काटे गए और कुल 13,407 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। मंडी में बुधवार की आवक 9,360 क्विंटल रही। खरीद प्रक्रिया में हैफेड एजेंसी के संजय ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं।
मंडी में किसानों के लिए सुविधाएं
हसनपुर अनाज मंडी सचिव नरवीर सिंह ने बताया कि मंडियों में बिजली, पीने के पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। आढ़तियों को बारिश के मद्देनजर तिरपाल रखने के निर्देश दिए गए हैं, न रखने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बेसहारा पशुओं से फसल को बचाने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सरकारी खरीद के लिए निर्धारित दरें प्रदेश सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत गेहूं की खरीद 2,425 रुपये प्रति क्विंटल तय की है। मंडियों में खरीद एजेंसियों के दिन भी निर्धारित कर दिए गए हैं और तय समय सीमा के भीतर उठान करना अनिवार्य किया गया है।
-
वर्जन
-खाद्य आपूर्ति विभाग की आईडी जेनरेट होने में समस्या आ रही थी, जिसके चलते खरीद नहीं हो पाई। किसानों से अपील है कि वे संयम बनाए रखें।
मनदीप राणा, मार्केट कमेटी के सचिव
-मंडी में पानी, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। आढ़तियों को तिरपाल रखने के निर्देश दिए गए हैं। उठान ठेके की प्रक्रिया पूरी होते ही खरीद शुरू कर दी जाएगी।
नरवीर सिंह, हसनपुर अनाज मंडी सचिव
-
- गेहूं में नमी के कारण मंगलवार को खरीद संभव नहीं हो सकी थी, लेकिन बुधवार को निरीक्षण के बाद 19,537 क्विंटल गेहूं की खरीद हो गई।
वीरेंद्र सिंह, होडल अनाज मंडी सचिव
- बुधवार को 13,407 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। किसानों की सुविधा के लिए सभी जरूरी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं।
जगदीश, हथीन मंडी के प्रतिनिधि