पलवल। जुए में रुपये हारने पर पैसे लेने वालों की ओर से युवक को बार-बार धमकियां मिल रही थीं। इससे परेशान होकर युवक ने मंगलवार को फंदा लगाकर जान दे दी। आत्महत्या करने से पहरने उसने भाई के फोन पर सुसाइड नोट भी भेजा। शहर थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार अलीगढ़, यूपी स्थित नंगला जैत निवासी विष्णु शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका भाई ललतेश कुमार पलवल की परशुराम कॉलोनी में रहता था। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे उसके पास ललतेश के नंबर से वाह्ट्सएप पर सुसाइड नोट आया। सुसाइड नोट देखकर उसने तुरंत ललतेश को फोन किया, परंतु उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उसने अपने भांजे विकास शर्मा को ललतेश के घर भेजा। जहां विकास को ललतेश फंदे पर लटका मिला। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर दबिश दी जा रही है।
जुए में हारे रुपयों के लिए आरोपी बना रहा था दबाव
शिकायत में कहा गया कि ललतेश ने सुसाइड नोट में लिखा है कि संदीप डीसी नामक युवक ने उसे शराब के नशे में जुआ खेलने के उकसाया और उससे 62 हजार रुपये जीत लिए।
इसकी एवज में उसने संदीप को 51 हजार भी दिए। केवल 11 हजार शेष थे, परंतु संदीप कह रहा था कि उसे खाते में पैसे नहीं मिले हैं और ललतेश को धमकी दे रहा था। इससे परेशान ललतेश ने आत्महत्या की।