होडल। एमवीएन यूनिवर्सिटी के एक छात्र पर कॉलेज जाते समय कुछ युवकों ने रॉड और डंडों से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में एक नामजद सहित छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुंडकटी थाना पुलिस के अनुसार, खांबी गांव निवासी अंकित शर्मा ने शिकायत दी कि तीन अक्तूबर को वह कॉलेज जा रहा था। जब वह ऑटो से उतरकर सड़क किनारे पहुंचा, तभी गांव का अर्जुन अपने पांच-छह साथियों के साथ बाइकों पर वहां आ पहुंचा। अंकित के अनुसार, अर्जुन ने अपनी जेब से कट्टा निकालकर उसकी गर्दन पर रख दिया। जब अंकित ने विरोध किया और शोर मचाया तो अन्य युवकों ने लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। अंकित ने परिजनों को सूचना दी, जो उसे अस्पताल लेकर गए। मुंडकटी थाना प्रभारी तेजपाल ने बताया कि अर्जुन सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। संवाद