पलवल जिले को 300 करोड़ रुपये की मनोहर सौगात
हथीन/पलवल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में बिना भेदभाव और समान विकास की नीति में एक और बड़ी पहल होने जा रही है। आगामी वित्त वर्ष में राज्य सरकार ऐसा प्रावधान करने जा रही है जिसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को विकास के लिए 80 करोड़ रुपये का बजट मिलेगा। यह बातें उन्होंने हथीन में हरियाणा प्रगति रैली को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने दूसरी बार सरकार बनाने के लिए जिले के लोगों के योगदान को अतुलनीय बताते हुए 300 करोड़ रुपये से विकास की कई योजनाओं की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नए वित्त वर्ष में पहली बार साल भर की शहरी व ग्रामीण विकास की ग्रांट को फिक्स करने की योजना बनाई जा रही है। जिसके तहत अप्रैल से मार्च तक के वित्त वर्ष में हर माह बजट अलॉट होगा। इसी कड़ी में पलवल जिला के तीनों विधानसभा क्षेत्रों को आगामी वित्त वर्ष के लिए कुल 240 करोड़ रुपये मिलेंगे। प्रदेश सरकार हर वर्ग के सुझावों के आधार पर आगामी बजट पेश करेगी। सांसद से लेकर विधायक, उद्यमी, किसानों, महिलाओं व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सांझे विचार लेने के साथ ही बजट की रूपरेखा तैयार की गई है। इसके तहत ग्राम पंचायत, जिला परिषद, नगर परिषद व नगर पालिका के तहत होने वाले विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करते हुए विशेष विकास कार्य के लिए मिले बजट से ही कार्यों को पूरा किया जाएगा। पिछले पांच साल में तीनों विधानसभा क्षेत्रों में करीब 1100 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर खर्च हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस सरकार में पलवल जिले का योगदान अतुलनीय है। सरकार की दूसरी पारी के 100 दिन में जनसेवा को समर्पित फैसले लिए गए हैं। हरियाणा में तालाब प्राधिकरण गठित किया गया है और इसके तहत जल संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ते हुए सभी तालाबों को स्वच्छ व सुंदर बनाने का कार्य किया जाएगा। सब्जी मंडियों और चीनी मिलों में किसानों की सुविधा के लिए सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए 10 रुपये प्रति थाली योजना को शुरू किया जा रहा है और अब तक 25 कैंटीन इस योजना के तहत शुरू हो चुकी हैं। प्रदेश के सभी गांवों को लाल डोरा मुक्त किया जाएगा और उस गांव के हर घर का पूरा राजस्व रिकार्ड भी होगा।
इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, मंत्री मूलचंद शर्मा, राज्यमंत्री डॉ. बनवारी लाल, हथीन विधायक प्रवीण डागर, पलवल विधायक दीपक मंगला, होडल विधायक जगदीश नायर, पृथला विधायक नयनपाल रावत, फरीदाबाद विधायक नरेंद्र गुप्ता, सोहना विधायक संजय सिंह, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव अजय गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष जवाहर सिंह सोरोत, पूर्व विधायक केहर सिंह रावत, हैफेड के चेयरमैन सुभाष कत्याल आदि मौजूद रहे।
इन विकास योजनाओं का हुआ शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने रविवार को हथीन शहर की अनाज मंडी में हरियाणा प्रगति रैली को संबोधित करने से पूर्व पलवल जिला की 26 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से तैयार चार बड़ी विकास योजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने करीब 11 करोड़ रुपये से पलवल में परिवहन विभाग की कार्यशाला व बस स्टैंड की तीन बेंच, 3.23 करोड़ रुपये से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दूधौला, गांव फिरोजपुर राजपूत में इंटरमीडिएट बूस्टिंग स्टेशन (7.68 करोड़ रुपये) व गांव खिल्लूका स्थित इंटरमीडिएट बूस्टिंग स्टेशन (4.94 करोड़ रुपये) की विकास योजनाओं का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए करीब 300 करोड़ रुपये की घोषणा की। जिनमें प्रमुख कुंडली-मानेसर-पलवल व दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के साथ करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से सर्विस लेन, 45 करोड़ रुपये से सड़कें, 12 करोड़ रुपये से मार्केटिंग बोर्ड की 8 सड़कें, 15 करोड़ रुपये से तीन नहरी पुलों का निर्माण, 5 करोड़ रुपये से हसनपुर में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, 7.5 करोड़ रुपये से पक्के राजवाहे, 5 करोड़ रुपये से हथीन, बामनीखेड़ा की माइनर, एक करोड़ से हथीन में मिनी खेल स्टेडियम, 92 लाख रुपये से बामनीखेड़ा के रावमावि भवन की मरम्मत, 3 करोड़ रुपये से होडल के खामी गांव में पीएचसी निर्माण, ढाई करोड़ रुपये से हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की सड़कों का निर्माण व पलवल-फरीदाबाद की सीमा पर सिकरी गांव में पशु विज्ञान केंद्र का निर्माण किया जाएगा।