देह शामलात में एक प्लॉट रजिस्ट्री कराने के नाम पर दो लाख मांगे थे, केस
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का पीए बताकर देह शामलात के एक प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के नाम पर 50 हजार की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित से दो लाख रुपये की मांग की थी। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। पलवल शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जीटी रोड निवासी नितिन अनिल जैन ने रवि जयचंद गुप्ता पर यह आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, नितिन अनिल जैन के पास देह शामलात में 99 साल की लीज पर एक प्लॉट था। हाल ही में हरियाणा सरकार ने घोषणा की थी कि ऐसे पट्टेधारकों को मालिकाना हक दिया जाएगा। इसी के तहत नितिन जैन ने पलवल तहसील में आवेदन किया ताकि प्लॉट की रजिस्ट्री उनके नाम हो सके।
तहसील कार्यालय में उनकी मुलाकात रवि जयचंद गुप्ता नामक व्यक्ति से हुई। रवि गुप्ता ने खुद को मंत्री विपुल गोयल का पीए बताते हुए कहा कि उसकी अधिकारियों से अच्छी पहचान है और वह बिना परेशानी के प्लॉट नितिन जैन के नाम करवा देगा। इसके बदले उसने दो लाख रुपये की मांग की। बातचीत में तय हुआ कि 50 हजार रुपये एडवांस और बाकी पैसा काम होने पर दिया जाएगा।
रवि गुप्ता पर भरोसा कर नितिन जैन ने फोन से उसके खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद कई दिनों तक इंतजार करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसके बाद नितिन जैन ने रवि गुप्ता से संपर्क किया तो वह बहाने बनाने लगा और धमकी दी कि वह मंत्री का पीए है और किसी भी तरह नुकसान पहुंचा सकता है।
इसी दौरान नितिन जैन को रवि गुप्ता के घर के बाहर गौरव गर्ग नामक व्यक्ति मिला। उसने बताया कि रवि गुप्ता ने उसके साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की है और कई अन्य लोगों को भी ठगा है। इसके बाद नितिन जैन ने पलवल शहर थाना में लिखित शिकायत दी। थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है।