संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से मंगलवार सुबह 11 बजे डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में सिविल डिफेंस मॉकड्रिल की जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर सोमवार को उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। उपायुक्त ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तैयारियों, समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना है। अभ्यास के दौरान सायरन, रेस्क्यू ऑपरेशन, प्राथमिक उपचार, अग्निशमन, राहत कार्य और अन्य आपातकालीन व्यवस्थाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित समय से पहले अपनी तैयारियां पूरी रखें तथा संचार व्यवस्था, सायरन प्रणाली, चिकित्सा सहायता, बचाव उपकरण और राहत संसाधनों का प्रभावी ढंग से परीक्षण सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। मॉकड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, एनसीसी, एनएसएस, माय भारत वाॅलंटियर तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भाग लेंगे।