पांच साल के लिए 4.69 करोड़ से डोर-टू-डोर कूड़ा उठान का ठेका
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। हथीन नगर पालिका शहर के सभी 14 वार्डों से डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी एक एजेंसी को देने जा रही है। इसके लिए पांच साल की अवधि के लिए 4 करोड़ 69 लाख रुपये में ठेका दिया गया है। नगर पालिका सचिव देवेंद्र कुमार ने बताया कि टेंडर के माध्यम से एजेंसी का चयन किया गया है और राज्य मुख्यालय से भी स्वीकृति मिल गई है।
उन्होंने बताया कि संबंधित एजेंसी ने 35 लाख रुपये की बैंक गारंटी राशि जमा करा दी है। अब एजेंसी को एग्रीमेंट और वर्क प्लान जमा कराना होगा। इसके बाद वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा। कूड़ा उठान में लगाए जाने वाले सभी वाहनों और टिपरों में जीपीआरएस सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे उनकी लोकेशन ऑनलाइन देखी जा सकेगी। कार्य में लगे कर्मचारियों और वाहनों की लगातार मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
वर्तमान में नगर पालिका लघु अवधि के टेंडर के माध्यम से कूड़ा उठान करा रही है। पांच वर्षीय टेंडर की सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद लघु अवधि वाली एजेंसी की सेवाएं समाप्त कर नई एजेंसी को कार्य सौंप दिया जाएगा।
निगरानी के लिए वार्डवार अधिकारियों की ड्यूटी
पलवल। शहर में जगह-जगह एकत्रित होने वाले कूड़े को समय पर उठाने और सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा ने वार्डवार अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। संबंधित अधिकारी अपने निर्धारित वार्ड में जाकर कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था का मौके पर निरीक्षण करेंगे। साथ ही सफाई संबंधी समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे। इससे कूड़ा उठान में देरी और सफाई व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों की नियमित निगरानी हो सकेगी।