संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। कासना डिपो में ई-बसों के चार्जिंग स्टेशन तैयार होने और शहर में छह नए रूट निर्धारित किए जाने के बावजूद अभी तक सभी रूटों पर बसों का नियमित संचालन शुरू नहीं हो सका है। कई रूट ऐसे हैं, जहां एक भी बस नजर नहीं आ रही है। वहीं, जिन रूटों पर बसें चल रही हैं, वहां भी डेढ़ से दो घंटे के अंतराल में बस मिलने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को मजबूरी में ऑटो से सफर करना पड़ रहा है।
दादरी रूट पर दो-तीन दिन ही चली बस
निर्धारित रूटों में नोएडा सेक्टर-90 से सेक्टर-137 मेट्रो स्टेशन, पंचशील गर्ल्स इंटर कॉलेज, बॉटनिकल गार्डन, नोएडा बस स्टेशन, चार मूर्ति, राजेश पायलट चौक होते हुए तिलपता चौक से दादरी तक बसों का संचालन होना था। इस रूट पर अभी बस सेवा शुरू नहीं हो सकी है। वहीं, नोएडा सेक्टर-90 से सेक्टर-51, सेक्टर-37, नोएडा बस स्टेशन, चार मूर्ति, कच्ची सड़क, सूरजपुर, एलजी गोलचक्कर, नॉलेज पार्क, परी चौक, अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और तिलपता चौक तक भी बसों का संचालन निर्धारित है, लेकिन लंबे अंतराल के बाद बसें मिल रही हैं।
इसके अलावा सेक्टर-90 से सेक्टर-137 मेट्रो स्टेशन, पंचशील गर्ल्स कॉलेज, नोएडा बस स्टेशन, मॉडल चौक, विजय नगर तिगरी, परी चौक, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर, मिर्जापुर, फलैंदा, दयानतपुर, सबौता और रामनेर होते हुए जेवर एयरपोर्ट तक का रूट भी निर्धारित किया गया है। इसी तरह कुल छह रूट बनाए गए हैं, लेकिन अधिकांश पर नियमित बस सेवा शुरू नहीं हो पाई है।
डाॅ. आनंद आर्य ने एआरएम सिटी बस सेवा से दादरी रूट पर दोबारा सिटी बस सेवा शुरू कराने की मांग की है।
कोट
जिन रूटों पर बसों का संचालन नहीं हो रहा है, उन्हें नियमित किया जा रहा है। दादरी जाने में जो दिक्कत आ रही थी, उसे दूर कर दिया गया है। अन्य रूटों पर भी बस सेवा सुचारू की जाएगी। -राजेश वर्मा, एआरएम, सिटी ई-बस सेवा