संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। आज निकलने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जिला में विभिन्न स्थानों पर 16 विशेष नाके लगाए जाएंगे। प्रत्येक नाके पर पांच पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा लगभग 11 रिजर्व पार्टी भी तैनात रहेंगी। इनमें छह सामान्य रिजर्व एवं पांच स्ट्राइक रिजर्व पार्टियां होंगी। रिजर्व पार्टी में इंस्पेक्टर सहित 25 पुलिसकर्मी तैनात होंगे।
हथीन उपमंडल की सीमाएं नूंह जिला से सटी हुई हैं। इस कारण हथीन उपमंडल के तीनों थानों के क्षेत्रों में विशेष नाके एवं पुलिस स्टाफ की तैनाती की जा रही है। एसपी नीतीश अग्रवाल स्वयं सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंधों को अंतिम रूप दे रहे हैं। हथीन थाना क्षेत्र में कुंडली मानेसर एक्सप्रेसवे के पास, रेस्ट हाउस चौक एवं जयंती मोड़ पर विशेष नाके लगाए जा रहे हैं। इसी प्रकार उटावड थाना क्षेत्र में भीमसीका मोड़ , उटावड चौक, घुड़ावली रोड साइड, बहीन थाना क्षेत्र के पहाड़ी मोड़ सहित अन्य स्थानों पर विशेष नाके लगाए जाएंगे।
डीएसपी रत्नदीप बाली ने बताया कि टीम दिन-रात अलर्ट हैं। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। जिले के कई थानों की पुलिस नूंह जिले में भी गई है और वहां ड्यूटी संभाल रही है। डीएसपी की भी विशेष ड्यूटी बड़कली चौक पर लगाई गई है। जिला पुलिस के पीआरओ संजय कादियान ने बताया कि पुलिस विभाग पूर्ण सतर्कता बरत रही है।
पलवल शहर में भी रहेगा कड़ा पहरा
ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर नूंह से सटे क्षेत्रों के साथ-साथ पलवल शहर में भी पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत आगरा चौक, बस स्टैंड, अलीगढ़ रोड और प्रमुख प्रवेश मार्गों पर विशेष पुलिस नाके लगाए जाएंगे। इन स्थानों पर पुलिसकर्मी संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच करेंगे।