पलवल। विधानसभा क्षेत्र-84 पलवल के सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम जितेंद्र कुमार ने सोमवार को स्थानीय महात्मा गांधी सामुदायिक केंद्र एवं पंचायत भवन में विधानसभा क्षेत्र के सुपरवाइजर व बीएलओ की बैठक लेकर मतदाता सूची 2019 के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 15 जुलाई से हो गया है। दावे तथा आपत्तियां 15 जुलाई से 30 जुलाई तक ली जाएगी। अवकाश वाले दिन 20, 21, 27 व 28 जुलाई को बीएलओ विशेष कैंप भी आयोजित करेंगे। उन्होंने कहा कि सुपरवाइजर, एआरओ व ईआरओ 5 अगस्त को दावे और आपत्तियों की जांच करेंगे तथा प्राप्त आवेदनों के निपटान की तिथि 13 अगस्त निर्धारित की गई है।
एसडीएम ने कहा कि सभी बीएलओ तथा सुपरवाइजर प्रजातंत्र को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से आपसी तालमेल व समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने बताया कि वोट बनवाने के लिए फार्म-6, वोट कटवाने के लिए 7 तथा वोट में शुद्धि के लिए 8 तथा एक ही विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में एक बूथ से दूसरे बूथ से स्थानांतरण के लिए फार्म 8ए भरवाया जाना है। उन्होंने सभी बीएलओ से कहा कि वे विशेष निर्धारित तिथियों पर अपने-अपने बूथों पर बैठकर नागरिकों से फॉर्म व आपत्तियां प्राप्त करना सुनिश्चित करें। एसडीएम ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर बिजली, पानी, शौचालय, फर्नीचर आदि की सुविधाएं होनी चाहिए। अगर ये सुविधाएं वहां मौजूद नहीं है तो बीएलओ सुपरवाइजर के माध्यम से चुनाव कार्यालय को लिखित में अवगत करवाएं ताकि वहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया है कि जो नागरिक एक जनवरी 2019 को 18 वर्ष या इससे अधिक आयु का हो गया है वह अपनी वोट अवश्य बनाव ले। वोट संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सूचना प्राप्त कर सकता है।
चुनाव कानूनगो कृष्ण कुमार ने सभी बीएलओ व सुपरवाइजर से कहा कि वे भारत चुनाव आयोग के आदेशों की अनुपालना करना सुनिश्चित करें। चुनाव संबंधी कार्य में कोताही बरतने वाले संबंधित बीएलओ व सुपरवाइजर के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सभी बीएलओ फॉर्म प्राप्त करते समय सभी कागजातों की जांच कर लें।