हथीन। गांव पावसर में मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हुए प्लॉट सर्वेक्षण में अनियमितताओं का मामला शनिवार को जिला समाधान शिविर में उठा। ग्रामीण सजिद, रंजीत, जीतू, शकुंतला, इरशाद और जमीला समेत कई लोगों ने जिला उपायुक्त हरीश कुमार वशिष्ठ को लिखित शिकायत सौंपी।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सचिव पिंटू और सरपंच शहाना ने सर्वेक्षण में गड़बड़ी कर वास्तविक गरीबों को वंचित कर दिया, जबकि संपन्न लोगों को गरीब दिखाकर मुफ्त प्लॉट दिलाने की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि सीएम विंडो पर भी शिकायत दर्ज की गई थी, लेकिन ग्राम सचिव ने वहां भी वास्तविकता के विपरीत रिपोर्ट अपलोड कर दी।
शिकायतकर्ताओं ने कहा कि सचिव के खिलाफ शिकायत होने के बावजूद उसी को जांच की जिम्मेदारी सौंप दी गई, जिससे निष्पक्ष जांच की उम्मीद कम है। ग्रामीणों ने कई संपन्न परिवारों के नाम भी लिखित में दिए हैं, जिन्हें प्लॉट दिए जाने की सिफारिश की गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला उपायुक्त हरीश कुमार वशिष्ठ ने इसकी जांच डीआरओ (जिला राजस्व अधिकारी) को सौंप दी। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि निष्पक्ष जांच के बाद केवल पात्र लाभार्थियों को ही प्लॉट दिए जाएंगे।