होडल। पुलिस ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी की शिकायत पर वार्ड नंबर चार की महिला पार्षद नीतू जैन और उनके देवर हेमंत जैन के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि नगर परिषद में तैनात सेवादार व सफाई कर्मचारी द्वारा दी रिपोर्ट के अनुसार पाया गया कि महिला पार्षद और उनके देवर ने मिलकर नगर परिषद द्वारा जारी अविश्वास नोटिस के प्रति पर छेड़छाड़ करने की कोशिश की। इसके लिए उन पर सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है। कार्यकारी अधिकारी की शिकायत में बताया कि पाषर्दों द्वारा चेयरमैन के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव की नोटिस को दिनांक 9 अगस्त शुक्रवार को भेजा गया था जिस पर पार्षद व उनके देवर ने प्राप्ति की तिथि 13 अगस्त लिखकर गुमराह करने की कोशिश की। शिकायत में बताया कि ऐसा करने से सरकार का कार्य अवरुद्ध होगा। पुलिस कार्यकारी अधिकारी मनेंद्र सिंह की शिकायत पर वार्ड पार्षद व उनके देवर के खिलाफ धारा 353, 511, 420 और 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
वहीं दूसरी ओर चेयरमैन राज गोपाल के खिलाफ 27 अगस्त को अविश्वास प्रस्ताव पर होने वाली बैठक का नोटिस न लेने वाले पार्षदों के घरों के बाहर नोटिस की प्रति चस्पा करवा दी गई है। प्रशासन द्वारा इस तरह से नोटिस घरों के बाहर चस्पा कराने के बाद पार्षदों में अफरातफरी का माहौल बन गया है। बताया गया कि ज्यादातर उन पार्षदों ने नोटिस लेने से मना किया था, जो चेयरमैन के समर्थन में हैं। पार्षदों के घरों के बाहर ये नोटिस ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार मान सिंह व नप के कार्यकारी अधिकारी मनेंद्र सिंह ने पुलिस बल और कर्मचारियों के साथ जाकर चस्पा किए।
दरअसल, पिछले दिनों नगर परिषद के 15 पार्षदों ने उपायुक्त से मिलकर चेयरमैन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए शपथ पत्र सौंपा था। पार्षदों द्वारा अविश्वास लाने की मांग पर उपायुक्त ने 27 अगस्त की तिथि बहस के लिए तय करने के बाद जिम्मेदारी एसडीएम होडल को सौंप दी थी। उसी दिन से चेयरमैन व पार्षदों के बीच विवाद चला आ रहा है।