पलवल। राजमार्ग पर स्थित गांव पृथला में सड़क पार करते समय साइकिल सवार दो बच्चों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि साइकिल सवार दोनों बच्चे साइकिल सहित काफी दूर जा गिरे। हादसे में दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें पलवल के एक निजी अस्पताल में लाया गया। जहां डॉक्टरों ने 16 वर्षीय साहिल को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल 12 वर्षीय गुड्डू को प्राथमिक उपचार देने के बाद दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। वहीं चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एएसआई हनीश खान के मुताबिक, पलवल के गांव जटोला निवासी गिरिराज सरपंच ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार दोपहर करीब सवा 1 बजे उसके गांव से इशाक का पुत्र साहिल और प्रताप का पुत्र गुड्डू अपने घर से साइकिल पर सवार होकर किसी काम से गांव पृथला गए थे। जब वह वापस घर आ रहे थे तो गांव पृथला में सड़क पार करते समय पलवल से आई एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में मारे गए साहिल के शव का रविवार सुबह पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने परिजनों के हवाले कर दिया।